मैनपुरी। जिले में बुखार के साथ सर्दी और जुकाम के मरीज बढ़ने लगे हैं। शनिवार की रात जिला अस्पताल में दो मरीजों की सांस लेने में दिक्कत के चलते मौत हो गई। तीन को गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज सैफई रेफर किया गया।
भोगांव थाना क्षेत्र के गांव छिवंकरिया निवासी 75 वर्षीय तोताराम को सर्दी-जुकाम के चलते सांस लेने में दिक्कत हो रही थी। परिजन ने शनिवार की रात उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। एलाऊ थाना क्षेत्र के गांव म्यौराचक निवासी रामलडै़ते की 60 वर्षीय पत्नी सत्यवती को भी सर्दी के कारण सांस लेने में दिक्कत हो रही थी। शनिवार को परिजन जिला अस्पताल लाए जहां रात में उनकी मौत हो गई। सीएमएस डॉ. मदनलाल का कहना है कि दोनों मरीजों को अंतिम सांसों में लाया गया था। वहीं गांव हवेली निवासी महावीर सिंह की 65 वर्षीय पत्नी फूलमती कैंसर से पीड़ित थीं। रविवार की सुबह परिजन जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, यहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।