बिचपुरी। गांव अंगूठी में दो महीने पहले बनकर तैयार गोशाला में अभी ताला बंद है। वहीं बृहस्पतिवार की सुबह खेत के समीप बने कुएं में गिरकर दो गायें मर गईं। हादसे पर आक्रोश जताते हुए ग्रामीणों ने गोशाला खुलवाने की मांग की।
बिचपुरी के गांव अंगूठी निवासी चंद्रपाल राणा के खेत के समीप पुराना कुआं हैं। ग्रामीणों के मुताबिक बृहस्पतिवार की सुबह करीब 7 बजे इसी कुएं में एक सांड़ और दो गायें गिर गईं। हादसे की खबर लगते ही गांववाले जुट गए। सूचना पर पुलिस भी पहुंच गई। पुलिस ने गायों को कुएं से बाहर निकालने के लिए क्रेन की मदद ली, लेकिन गायों को घंटों की मशक्कत के बाद भी निकाला नहीं जा सका। ग्रामीणों ने बताया कि गांव में दो महीने पहले गोशाला बनकर तैयार हो चुकी है, लेकिन अभी तक इसे संचालित नहीं किया जा सका है। इस कारण से छुट्टा जानवर जहां किसानों की फसलों को बर्बाद कर रहे हैं, वहीं वे हादसे का भी शिकार होते रहते हैं।
ग्राम प्रधान अंगूठी हाकिम सिंह ने बताया है कि गोशाला अभी ग्राम पंचायत के सुपुर्द नहीं की गई है। खंड विकास अधिकारी बिचपुरी नेहा सिंह ने बताया है कि गोशाला में पानी की व्यवस्था नहीं होंने के कारण यह बंद पड़ी है। ग्राम पंचायत अधिकारी और प्रधान को पानी की व्यवस्था कराने के लिए कहा गया है। जल्द ही गोशाला संचालित कर दी जाएगी।