दो बच्चों की मौत के बाद विलाप करते परिजन
- फोटो : अमर उजाला
एटा कोतवाली देहात क्षेत्र के गांव नरैरा में शुक्रवार की शाम तालाब में डूबने से दो किशोरों की मौत हो गई। हादसे की खबर के बाद परिवार में कोहराम मच गया। दो किशोरों की मौत से ग्रामीणों में काफी रोष है। घटनास्थल पर पुलिस बल पहुंच गया।
शुक्रवार की दोपहर करीब दो बजे गांव नरैरा निवासी अनिल कुमार का 15 वर्षीय पुत्र नीतेश और मंटू का 14 वर्षीय पुत्र राहुल भैंस चराने के लिए खेतों की तरफ ले गए। बताया गया है कि भैंसे चरते-चरते तालाब के किनारे पहुंच गईं और राहुल की भैंस तालाब में फंस गई।
जिसे निकालने के प्रयास में राहुल तालाब में गिर गया। राहुल को बचाने के लिए नीतेश ने तालाब में छलांग लगा दी। नीतेश अपने साथ राहुल को नहीं निकाल सका और खुद भी डूब गया। वहां मौजूद अन्य छोटे बच्चों ने जब दोनों को डूबता देखा तो ग्रामीणों को जानकारी दी। जब तक ग्रामीण तालाब तक पहुंचे, दोनों की मौत हो चुकी थी।