फतेहाबाद फोटो।पुलिस ने पकड़े दो लुटेरे स्रोत पुलिस
फतेहाबाद। थाना फतेहाबाद पुलिस ने आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे की सर्विस रोड पर बाइक सवार की आंखों में मिर्ची पाउडर डालकर बाइक, मोबाइल और नकदी लूटने की वारदात का खुलासा करते हुए शुक्रवार रात पुलिस ने दो लुटेरों को गिरफ्तार कर लिया। उनके तीन साथी भाग निकले। पकड़े गए लुटेरों से लूटी गई बाइक, मोबाइल, एक तमंचा और दो कारतूस बरामद किए गए हैं।
एसीपी फतेहाबाद इमरान अहमद ने बताया कि नौ जुलाई को मनोहरपुर आगरा निवासी कैलाश चंद्र पुत्र महाराम भरापुर से आगरा जा रहे थे। भरापुर पुलिया के पास दो बाइकों पर सवार लुटरों ने उनकी आंखों में मिर्ची पाउडर झोंक दिया। बाइक, मोबाइल और 1200 रुपये लूटकर भाग गए। थाना फतेहाबाद में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। पुलिस टीम ने शुक्रवार रात करीब साढ़े 11 बजे आगरा लखनऊ एक्सप्रेस-वे की सर्विस रोड पर रूपपुर पुलिया के पास चेकिंग के दाैरान पुलिस को सूचना मिली कि लूटी गई बाइक बेचने की फिराक में कुछ लोग वहां मौजूद हैं। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उन्होंने अपने नाम रोहित पुत्र राजवीर निवासी रुंदवारी, फतेहाबाद और धनीराम पुत्र हरिश्चंद्र निवासी गट्टपुरा, थाना फतेहाबाद बताए। इनके कब्जे से लूट की बाइक ,मोबाइल,एक अवैध तमंचा,दो कारतूस बरामद हुए हैं। पूछताछ में धनीराम ने बताया कि वारदात के दौरान उनके एक साथी ने कैलाश चंद्र की आंखों में मिर्ची पाउडर डाला था। बाइक गिरने पर दूसरा साथी नरेंद्र उसे लेकर भाग गया, जबकि उसने पीड़ित की जेब से मोबाइल और नकदी निकाली थी। आरोपियों ने यह भी स्वीकार किया कि वारदात से कुछ दिन पहले भी उन्होंने एक बाइक सवार का पीछा किया था, लेकिन सफलता नहीं मिली थी। एसीपी फतेहाबाद ने बताया कि आरोपी शौक पूरा करने के लिए लूट की वारदातों को अंजाम देते थे। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है। फरार तीन आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है।