टूंडला विधानसभा सीट पर भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी प्रेमपाल सिंह धनगर विजयी हुए हैं। उन्होंने समाजवादी पार्टी के महाराज सिंह धनगर को पराजित किया है। बहुजन समाज पार्टी के प्रत्याशी इस सीट पर तीसरे स्थान पर रहे।
गौरतलब है कि 2017 में भारतीय जनता पार्टी के प्रो. एसपी सिंह बघेल इस सीट पर चुनाव जीते थे और वे कैबिनेट मंत्री बने थे। लेकिन 2019 के लोकसभा चुनाव में उन्हें आगरा से टिकट दिया गया था और वे संसद में पहुंचे। इसके बाद ये सीट खाली थी और यहां तीन नवंबर को उपचुनाव हुआ था।
प्रेमपाल सिंह धनगर ने 17,216 मतों से निकटतम प्रतिद्वंदी समाजवादी पार्टी के महाराज सिंह धनगर को हराया है। बहुजन समाज पार्टी इस सीट पर तीसरे स्थान पर रही है। सपा यहां भाजपा का तिलिस्म नहीं तोड़ सकी है।
भाजपा प्रत्याशी प्रेमपाल सिंह धनगर बीए पास स्नातक हैं। एटा की चित्रगुप्त कालोनी निवासी हैं। उनके पास कृषि सहित लाखों की संपत्ति है। वर्तमान में वह टूंडला में ही रह रहे हैं। भाजपा प्रत्याशी आरएसएस से जुड़े हैं। उनके ऊपर कोई मुकदमा नहीं है। इस साल टूंडला विधानसभा क्षेत्र में चुनाव प्रतिशत लगभग 16 प्रतिशत कम रहा।
भाजपा प्रत्याशी प्रेमपाल धनगर और उनकी पत्नी पर 40-40 हजार रुपये की नकदी है। बैंक में करीब बीस हजार जमा। प्रेमपाल एक कार व एक मोटर साइकिल के मालिक हैं। स्वयं पर ढाई लाख और पत्नी पर पांच लाख के गहने हैं। 76 लाख 70 हजार रुपये की जमीन के मालिक हैं।