बैठक में मथुरा के छावनी क्षेत्र में 190 बेड के सैनिक अस्पताल के निर्माण व फिरोजाबाद में आबादी के बीच मौजूद कांच इकाइयों को यूपीसीडा के औद्योगिक क्षेत्र में शिफ्ट करने का प्रस्ताव भी रखा गया। दोनों को मंजूरी मिल गई।
आगरा में ताज ट्रेपेजियम जोन (टीटीजेड) प्राधिकरण की 68वीं बैठक मंडलायुक्त सभागार में मंगलवार को मंडलायुक्त नगेंद्र प्रताप की अध्यक्षता में हुई। सेंट्रल इंपावर्ड कमेटी (सीईसी) के सदस्य अंजन कुमार मोहंती व नीरी के मुख्य वैज्ञानिक एवं अध्यक्ष डाॅ. एसके गोयल की मौजूदगी में सर्वोच्च न्यायालय के 23 जुलाई को पारित आदेश के अनुपालन के लिए बैठक बुलाई गई। इसमें आगरा, फिरोजाबाद और मथुरा के टीटीजेड क्षेत्र से जुड़े प्रकरणों पर विचार किया गया।
विज्ञापन
एत्मादपुर तहसील के रायपुर और रहनकलां गांव में प्रस्तावित उत्तर प्रदेश राज्य औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यूपीसीडा) के 1,058 एकड़ के इंटीग्रेटेड मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर (आईएमसी) को विकसित करने के लिए मंजूरी दे दी गई। प्राधिकरण अब इस क्षेत्र में आधारभूत ढांचा विकसित कर सकेगा। औद्योगिक इकाइयों के क्लस्टर को स्थापित करने के लिए उसे अलग से अनुमति लेनी होगी।
प्रधानमंत्री की महत्वाकांक्षी योजना अमृतसर-कोलकाता इंडस्ट्रियल कॉरिडोर से जुड़ने वाले आईएमसी को लखनऊ एक्सप्रेस-वे से जोड़ा जाएगा। यहां से इसे नोएडा एक्सप्रेस-वे से लिंक किया जाएगा। वहीं, मथुरा के छावनी क्षेत्र में 190 बेड के सैनिक अस्पताल के निर्माण व फिरोजाबाद में आबादी के बीच मौजूद कांच इकाइयों को यूपीसीडा के औद्योगिक क्षेत्र में शिफ्ट करने का प्रस्ताव भी रखा गया। प्राधिकरण ने दोनों प्रस्तावों को हरी झंडी दे दी।
विज्ञापन
आगरा के नए उद्योगों को स्थापित करने व विस्तार के लिए अगली बैठक में फैसला लेने की बात कही गई। अब बुधवार को मोहंती पावरग्रिड कॉर्पोरेशन और आगरा मेट्रो परियोजनाओं के स्थलों का निरीक्षण करेंगे। इसमें पेड़ कटान और उनके एवज में 10 गुना होने वाले पौधरोपण से जुड़े स्थलों का जायजा लेंगे।