मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारी, विलाप करते परिजन
- फोटो : अमर उजाला
फिरोजाबाद के शिकोहाबाद में पति के साथ ट्रॉमा सेंटर में बेटे को चिकित्सक को दिखाकर बाइक से वापस लौट रहे बाइक सवारों को ट्रक ने रौंद दिया। इस घटना में बाइक सवार महिला की मौके पर ही मौत हो गई। परिजनों और लोगों ने हाइवे जाम कर दिया। मौके पर छह थानों का पुलिस फोर्स पहुंच गया। लोगों को समझाकर जाम को खुलवाया, जिसके बाद महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज फिरोजाबाद भेजा गया।
यहां की है घटना
थाना जसराना क्षेत्र के अंतर्गत गांव हरिदासपुर जमालीपुर निवासी राजेश के बेटे विवेक का चार दिन पूर्व फिरोजाबाद के ट्रॉमा सेटर में कान का ऑपरेशन हुआ था। बृहस्पतिवार को राजेश अपनी पत्नी अवनीश देवी (40) के साथ बेटे को लेकर ट्रॉमा सेंटर गया हुआ था। जहां चिकित्सक को बेटे को दिखाने के बाद वह बाइक से वापस लौट रहा था। दोपहर साढ़े तीन बजे करीब जब बाइक सवार दंपती और बेटा गांव आरौंज कोठी के समीप पेट्रोल पंप के सामने पहुंचा, तभी पीछे से तेजगति से आ रहे ट्रक ने बाइक सवारों को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही बाइक पर पीछे बैठी महिला उछलकर हाइवे पर गिर पड़ी। ट्रक महिला को रौंदता हुआ सिरसागंज की ओर चला गया।
मौके पर ही मौत
इस हादसे में महिला ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि बाइक सवार पिता-पुत्र भी घायल हो गए। महिला की मौत के बाद घटनास्थल पर राहगीरों की भीड़ जुट गई। गुस्साए परिजनों और राहगीरों ने शिकोहाबाद-सिरसागंज हाइवे को जाम कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर काफी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। किसी तरह परिजनों को समझा-बुझाकर शांत किया। साथ ही हाइवे पर लगे हुए जाम को खुलवाया। जिसके बाद महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज फिरोजाबाद भिजवाया है।
हाइवे पर लगी वाहनों की कतार
घटना से गुस्साए लोगों ने हाइवे को जाम कर दिया। जिसके चलते शिकोहाबाद-सिरसागंज हाइवे पर वाहनों की कतार लग गई। कई वाहन लगभग आधे घंटे तक जाम में फंसे रहे।
पति और पुत्र का रो-रोकर हुआ बुरा हाल
महिला की मौत के बाद उसके शव को सड़क पर रखकर परिजनों ने हाइवे को जाम कर दिया था। पीड़ित पति और बेटा महिला की मौत के बाद बार-बार रो-रोकर बेसुध हो रहे थे। जिनको सीओ सिरसागंज प्रवीन तिवारी ने गले लगाकर ढाढ़स बंधाया।
घटनास्थल पर पहुंचा छह थानों का फोर्स
घटना की सूचना मिलते ही घटनास्थल पर शिकोहाबाद, रसूलपुर, खैरगढ़, सिरसागंज, मटसेना, मक्खनपुर की पुलिस फोर्स घटनास्थल पर पहुंच गए, जिन्होंने गुस्साए परिजनों एवं राहगीरों को शांत कराया।
शव को उठाने पर भड़के परिजन
पुलिस ने जैसे ही महिला के शव को हाइवे से उठवाने का प्रयास किया। परिजन भड़क गए। वह ट्रक के पकड़े जाने तक शव को नहीं उठने दे रहे थे। बमुश्किल सीओ प्रवीण तिवारी ने परिजनों को समझाकर स्थिति को संभाला।