आगरा के फतेहाबाद क्षेत्र में लखनऊ एक्सप्रेसवे पर खड़ी यूपीडा की पेट्रोलिंग गाड़ी को तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। जिससे गाड़ी का पिछला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में गाड़ी में बैठे छह कर्मचारियों में से तीन घायल हो गए। सूचना पर यूपीडा की टीम और पुलिस ने पहुंचकर घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। जहां इलाज के दौरान एक कर्मचारी की मौत हो गई। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लिया है।
जानकारी के मुताबिक सोमवार की सुबह करीब आठ बजे फतेहाबाद क्षेत्र में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे के किलोमीटर नंबर 34 पर सुरक्षा को लेकर यूपीडा पेट्रोलिंग गाड़ी तैनात थी। गाड़ी में यूपीडा के कर्मचारी बैठे थे। तभी अचानक लखनऊ की तरफ से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने गाड़ी को टक्कर मार दी। ट्रक की टक्कर से पेट्रोलिंग गाड़ी में बैठे यूपीडा कर्मचारी दिनेश चंद्र पुत्र अमीर चंद, दिनेश कुमार पुत्र मोजीराम, संतोष कुमार पुत्र राम रतन गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायल कर्मचारी दिनेश चंद्र की मौत
पेट्रोलिंग वाहन में बैठे सहायक सुरक्षा अधिकारी सत्य प्रकाश समेत दो अन्य लोग बाल-बाल बच गए। सूचना मिलने पर यूपीडा की दूसरी टीम और पुलिस पहुंची। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां इलाज के दौरान कर्मचारी दिनेश चंद्र निवासी शिकोहाबाद की मौत हो गई। इंस्पेक्टर आलोक कुमार सिंह ने बताया कि यूपीडा की टीम अपने वाहन को हाईवे किनारे खड़ा कर पेट्रोलिंग कर रही थी। ट्रक की टक्कर से हादसा हुआ है। चालक फरार है, ट्रक को कब्जे में लिया है।