एटा कोतवाली देहात क्षेत्र जीटी रोड स्थित गांव विरामपुर के पास प्रवासी मजदूरों से भरी डीसीएम से ट्रक टकरा गया। हादसे के बाद मजदूरों में चीख पुकार मच गई। चीख पुकार से स्थानीय ग्रामीणों की नींद टूटी तो वे बचाव कार्य में जुट गए। हादसे में 15 महिला-पुरूष और बच्चे घायल हुए हैं। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती करा गया है।
राजस्थान से डीसीएम में सवार होकर निकले प्रवासी मजदूरों ने बुधवार सुबह चार बजे जिले की सीमा में प्रवेश किया। गांव विरामपुर के पास डीसीएम से ट्रक टकरा गया। हादसे की खबर पुलिस को दी गई। प्रभारी निरीक्षक इंद्रेश पाल सिंह मौके पर पहुंच गए और घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
बताया गया है कि डीसीएम सवार प्रवासी मजदूर राजस्थान में किसी भट्टे पर मजदूरी करते हैं और कोरोना महामारी की वजह से कार्य ठप होने से अपने पैतृक गांव जा रहे थे, तभी हादसे का शिकार हो गए। प्रभारी निरीक्षक ने बताया है कि हादसे में बाद घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। घायलों के हल्की चोटें लगी थी, प्राथमिक उपचार के दौरान सभी की छुट्टी कर दी गई।
यह लोग हुए हैं हादसे में घायल
डीसीएम और ट्रक की भिडंत में घायल अंकित (8) पुत्र रामराज, सुमन (50) पत्नी अच्छेलाल संगीता (40) पत्नी रामराज, शिवानी (9) पुत्री आनंद कुमार, कल्पना (18) पुत्री अच्छे लाल, सुमन (26) संतोष निवासीगण अहमदपुर थाना बेवर जिला मैनपुरी, सुमित (21) पुत्र राजवीर, राजवीर (55) पुत्र रामभरोसे, सुलोचना (26) पत्नी सुमित, रेनू (40) पत्नी राजवीर निवासीगण मौजपुर हिबलिया थाना भोंगांव जिला मैनपुरी, खुशबू (13) व चांदनी (18) पुत्री शैम्पू, मीरा (42) पत्नी शैम्पू और शैम्पू (55) पुत्र बनवारी निवासीगण वैश्यपुर थाना इंदरगढ जिला कन्नौज शामिल हैं।