एटा थाना व कस्बा पिलुआ के पास बने हाईवे के बाइपास पर रविवार रात टेलर ट्रक और केंटर में भीषण भिड़ंत के बाद आग लग गई। इस हादसे में केंटर चालक की जलकर मौत हो गई। जबकि दोनों वाहनों सहित ट्रक में लदे नौ ट्रैक्टर जल गए। एक व्यक्ति घायल भी हुआ है। हादसे के बाद पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने आग पर काफी मशक्कत के बाद काबू पाया।
थाना पिलुआ से करीब 500 मीटर की दूरी पर अलीगढ़ की ओर से आ रहे ट्रक और केंटर की भिड़ंत में आग लगने से केंटर चालक संतोष कुमार (35) पुत्र गुरुदयाल निवासी पुरेचतुरी मजरे सरायदामों थाना भदोंखर जिला रायबरेली की जलने से मौत हुई है। केंटर में सवार रोहित पुत्र सुरेश निवासी सिमरई थाना बिछवां जिला मैनपुरी आग में झुलसने से घायल हो गया। इसको जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
एएसपी ओपी सिंह, सीओ सदर इरफान नासिर खां, अग्रिशमन कर्मियों की टीम के साथ पहुंचे। एएसपी ओपी सिंह ने बताया कि हादसा बेहद भीषण था। मृत व्यक्ति की पहचान काफी देर बाद हो सकी। परिजन आ गए हैं और शव का पोस्टमार्टम कराकर सौंप दिया है। ट्रक चालक पंकज कुमार निवासी अजरोई थाना सासनी जिला हाथरस ने केंटर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।