घायलों का अस्पताल में चल रहा इलाज
- फोटो : अमर उजाला
फिरोजाबाद में शुक्रवार रात को थाना सिरसागंज के करहल रोड पर इटावा की ओर से आ रहा आटे की बोरियों से भरा ट्रक रुधावली कट के पास आटो टकराकर पलट गया। हादसे में ऑटो सवार दंपती सहित चार लोगों की मौत हो गई। जबकि छह लोग घायल हो गए। हादसे की सूचना पर सीओ सिरसागंज सहित फोर्स मौके पर पहुंच गया। घायलों को उपचार के लिए शिकोहाबाद भेजा। हालत गंभीर होने के कारण ही जिला अस्पताल भेज दिया।
हादसा शुक्रवार को रात करीब साढ़े आठ बजे हुआ है। थाना सिरसागंज क्षेत्र से एक ऑटो 12 श्रमिकों को लेकर दिहुली जा रहा था। ऑटो जैसे ही रुधावली कट के पास पहुंचा तभी इटावा की ओर से तेज गति से आ रहे आटे की बोरियों से भरा ट्रक ने ऑटो में टक्कर मार दी। ऑटो उछलकर दूर जा गिरा। ट्रक थोड़ा ही आगे बढ़कर अनियंत्रित होकर पलट गया।
मौके पर आस-पास के लोग एकत्रित हो गए। उन्होंने पुलिस को इस हादसे की सूचना दी। सीओ सिरसागंज संजय वर्मा,एसएचओ सिरसागंज सुनील कुमार तोमर फोर्स के साथ पहुंच गए। उन्होंने घायलों को उपचार को शिकोहाबाद के अस्पताल में भिजवाया। हालत गंभीर होने के कारण सभी को जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
मैनपुरी थाना बरनाहाल के ग्राम बरइया निवासी रक्षावती (50) पत्नी विमलेश, विमलेश (52) पुत्र मुलायम सिंह तथा दो अन्य अज्ञात की मौत हो गई। जबकि विमलेश का बेटा विपिन (25) एवं भाई सर्वेश (55) पुत्र मुलायम सिंह, संध्या (17) पुत्री हेत सिंह,सत्य वीर पुत्र रामनाथ सहित छह लोग घायल हो गए हैं।