शमसाबाद। पारिवार में विवाद के बाद रविवार देर शाम युवक हाईटेंशन लाइन पर चढ़ गया। शोर सुनकर आसपास के लोग एकत्रित हो गए और उन्होंने मामले की जानकारी पुलिस को दी। मौके पर पहुंचे पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने किसी प्रकार युवक को समझाकर नीचे उतारा।
ग्राम गढ़ी हरचंद निवासी सोनू का शाम छह बजे भाइयों से विवाद हो गया। आक्रोशित होकर सोनू घर से निकला और खेतों में बने हाईटेंशन पोल पर चढ़ गया। युवक के पोल पर चढ़ने के बाद ग्रामीण और परिजनों में हड़कंप मचा गया। मामले की जानकारी पुलिस को दी गई। सूचना पर एसडीएम जेपी पांडेय पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने युवक को समझाने का प्रयास किया। युवक को सकुशल खंभे से उतारने के लिए दमकल के वाहनों को भी मौके पर बुलाया गया। करीब तीन घंटे तक चले घटनाक्रम के बाद किसी प्रकार समझाकर युवक को खंभे से उतारा गया।
थानाध्यक्ष राजीव कुमार ने बताया है कि युवक सोनू का भाइयों से विवाद हो गया था। इसके बाद वह हाईटेंशन लाइन के खंभे पर चढ़ गया था। समझाकर उसे नीचे उतारा और घर पहुंचाया गया। परिजनों ने भी उसे परेशानी न होने का आश्वासन दिया है।