मैनपुरी। प्राइवेट बसों का संचालन करने वाले किशनी क्षेत्र के माफिया फर्रुखाबाद निवासी युवक को एक साल से परेशान कर रहे हैं। अब युवक का सब्र जवाब दे चुका है। सोमवार को डीएम कार्यालय पहुंच कर शिकायती पत्र दिया। इसमें कहा है कि वह सात जून को मुख्यमंत्री कार्यालय के बाहर आत्मदाह करेगा। बस माफिया ने उसके खिलाफ झूठे मुकदमे दर्ज कराए हैं।
जनपद फर्रुखाबाद के गांव बिहार निवासी अभिषेक परिहार ने डीएम को प्रार्थना पत्र दिया। बताया कि वह भी प्राइवेट बस का संचालन करता है। किशनी क्षेत्र में सक्रिय बस माफिया लगातार एक साल से उसे परेशान करते आ रहे हैं। एक साल से वह लड़ता आ रहा है लेकिन अब माफिया इतने शक्तिशाली हो गए हैं कि उस पर व रिश्तेदारों पर झूठे मुकदमे दर्ज करा दिए हैं।
बस माफिया कहता है कि मेरी बात नहीं मानी तो परिवार के साथ जेल चले जाओ। उनका इस सरकार में कोई कुछ भी नहीं बिगाड़ सकता। मुख्यमंत्री की भी हिम्मत नहीं है कि उसके खिलाफ कार्रवाई कर सकें। पीड़ित ने बताया की माफिया बडे़ पैमाने पर सक्रिय हैं। उनका सरकार कुछ भी नहीं कर पा रही है। वह भी अब लड़ कर हार चुका है और सात जून को मुख्यमंत्री जनता दरबार या मुख्यमंत्री कार्यालय के सामने आत्मदाह करूंगा।
-
बेखौफ डग्गेमारी करता है बस माफिया
अभिषेक ने कहा है कि बस माफिया कहता है कि वह 16 साल से डबल डेकर बस से डग्गेमारी कर रहा है। अब तक न जाने कितने मंत्री और अधिकारी आए, कोई भी उसका कुछ नहीं बिगाड़ सके। माफिया और उसके साथी ने किशनी और मैनपुरी में कई लोगों की जमीन पर कब्जा कर रखा है। कई लोगों पर झूठे मुकदमे दर्ज कराए हैं। उसकी मौत के बाद अगर उसके परिवार के साथ कोई घटना या मुकदमे दर्ज होते हैं। तो इसके जिम्मेदार यही माफिया होंगे। कई बार यह लोग उसे धमकी दे चुके हैं।