ताजगंज की रूही फातमा उर्फ सादिया फातमा ने शौहर नासिर गनी खान, देवर ताहिर और ससुर कलीम के खिलाफ मारपीट, दहेज उत्पीड़न और तीन तलाक का केस दर्ज कराया है। रूही का कहना है कि नासिर ने पहले उसे खत में लिखकर तीन तलाक भेजा। इसके बाद वह आया और उसके सामने तीन बार तलाक बोलकर चला गया।
सोमवार को एसपी सिटी दफ्तर पहुंची रूही ने बताया कि ताजगंज थाना पुलिस ने केस दर्ज कर लिया लेकिन जांच आगे नहीं बढ़ रही। तीन में से एक भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं की गई। उन्हें अब चार्जशीट दाखिल होने तक गिरफ्तारी पर स्टे मिल गया है। अब भी जांच आगे नहीं बढ़ रही है।
उसने बताया कि मामले में तमाम साक्ष्य हैं। वह उस खत को भी लेकर आई थी, जिसके बारे में उसका कहना है कि इसमें नासिर ने उसे तीन तलाक लिखकर भेजा था। उसका निकाह 16 मई, 2014 को हुआ था। बंगलूरू का रहने वाला शौहर मर्चेंट नेवी में है।
रूही ने बताया कि तलाक वाला खत आठ नवंबर, 2019 को आया था। दिसंबर में शौहर ने घर आकर तलाक दिया। एसपी सिटी बोत्रे रोहन प्रमोद ने बताया कि मामले की जांच के लिए ताजगंज पुलिस को निर्देश दिए गए हैं। अगर साक्ष्य मिलते हैं तो जल्द चार्जशीट दाखिल कर दी जाएगी।