आगरा में भी तीन तलाक का पहला मुकदमा दर्ज किया गया है। महिला फरीन ने निकाह के सात महीने बाद तीन बार तलाक बोलकर घर से निकालने का आरोप लगाया है। मुकदमे में पति सहित सात लोगों को नामजद किया है।
आजाद नगर, खंदारी निवासी फरीन पुत्री इकरार की शादी सात महीने पहले नोबस्ता, लोहामंडी निवासी जमरुद्दीन उर्फ छोटू पुत्र जरुफुद्दीन के साथ हुई थी। जमरुद्दीन लेदर का काम करता है।
फरीन का आरोप है कि निकाह के बाद से ही ससुराल वाले दहेज की मांग कर रहे हैं। 20 दिन पहले पति ने मारपीट की। विरोध करने पर तीन बार तलाक बोलकर घर से निकाल दिया। वह अपने मायके आ गई। उसने आईजी आफिस में शिकायत की।
रविवार को थाना लोहामंडी पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। इसमें पति जमरुद्दीन, देवर चांद उर्फ राहत, बुरान, सैफुद्दीन, सास शहनाज, ननद गुड़िया पत्नी नाजिम, नंदोई नाजिम निवासी तेलीपाड़ा को नामजद किया है।