रक्षाबंधन पर्व के लिए राखी, कपड़े, मिठाइयों के साथ-साथ महिलाओं में मेहंदी लगवाने का उत्साह भी चरम पर देखने को मिला। इस बार पारंपरिक से हटकर कुछ अलग डिजाइन देखने को मिलीं जिसने सभी का ध्यान केंद्रित कर दिया। इस बार सबसे ज्यादा चर्चाओं में है क्यूआर कोड वाली मेहंदी। कुछ युवतियों ने इस रक्षाबंधन पर अपने भाइयों से रुपये लेने के लिए हंसी-मजाक के अंदाज में अपने हाथों पर यूपीआई स्कैनर स्टाइल में मेहंदी की डिजाइन बनवाई।
मेहंदी आर्टिस्ट भी हैरान
ब्यूटी पार्लर और मेहंदी आर्टिस्ट भी इस अनोखे ट्रेंड से हैरान हैं। मेहंदी डिजाइनर सरोज कटियार बताती हैं कि कई लड़कियों ने खास तौर पर क्यूआर कोड जैसा डिजाइन बनवाया है। कुछ ने तो भाई के नाम के साथ ‘पे नाउ’ लिखवाया है। सलून एक्सपर्ट कुसुम ने बताया कि ये मजाक का ट्रेंड है पर इसमें दिलचस्पी सबको हुई। हम भी ये ट्रैंड देखकर चौंकने लगे।
सोशल मीडिया से मिला आइडिया
दयालबाग स्थित सरला बाग की रहने वाली अनुष्का गुप्ता ने बताया कि यह ट्रैंड सोशल मीडिया पर देखा था तो सोचा कि इस तरह से क्यूआर कोड बनवाकर कुछ अलग करती हूं। खंदारी की रहने वाही अंजलि ने बताया कि इस रक्षाबंधन पर कुछ हटकर मेहंदी बनवानी थी। ये आइडिया कुछ अलग और मजेदार रहा।
मेहंदी में भी दिखी आधुनिकता
ये ट्रेंड ये भी दिखाता है कि त्योहार कैसे समय के साथ बदल रहे हैं। जहां एक ओर परंपरा है, वहीं दूसरी ओर नए जमाने का स्टाइल, तकनीक और ह्यूमर भी जुड़ रहा है।