वन विभाग के अफसरों को नहीं पता सूर सरोवर में कितने पेड़ बचे हैं। यहां10 साल में 445 पेड़ काट दिए गए। हरियाली नष्ट होते देख पर्यावरणविद कोर्ट जाने की तैयारी कर रहे हैं।
आगरा के सूर सरोवर पक्षी विहार में बीते 10 साल में 445 पेड़ कट गए। चंद रुपये जुर्माने में देकर जंगल माफिया बचते रहे। लापरवाही यह है कि वन विभाग के अफसरों को बचे पेड़ों की संख्या भी पता नहीं है। हरियाली नष्ट होते देख पर्यावरणविद कोर्ट जाने की तैयारी कर रहे हैं।
विज्ञापन
पर्यावरणविद डॉ. शरद गुप्ता ने बताया कि जन सूचना का अधिकार के तहत मिली जानकारी में पता चला है कि सूर सरोवर पक्षी विहार 798.15 हेक्टेयर में फैला है। इसमें 380.558 हेक्टेयर में वन क्षेत्र है। बीते 10 साल में 445 पेड़ काटे गए। इनमें से 198 पेड़ काटने पर वन विभाग ने करीब 61 हजार का जुर्माना लगाकर जंगल माफिया को छोड़ दिया। कुछ मामले अभी न्यायालय में हैं।
अभी सूर सरोवर में किस प्रजाति के कितने पेड़ बचे हैं, इसकी जानकारी उपलब्ध नहीं है। विभागीय लापरवाही से जंगल माफिया के हौसले और बढ़ेंगे। डीएफओ आदर्श कुमार का कहना है कि इस मामले में उन्हें कोई जानकारी नहीं है।