ताजमहल परिसर में बिना अनुमति दर्जनों आड़ू के पेड़ काटने का मामला सामने आया है। एएसआई के उद्यान निदेशक डा. हरवीर सिंह ने मामले की जांच मुख्य उद्यानविद् कंचन सिंह को सौंपी है। दोषी पर कार्रवाई की जाएगी।
ताजमहल परिसर में संग्रहालय की तरफ तकरीबन छह साल पहले 70 से 80 आड़ू के पौधे लगाए गए थे। हाल ही ताजमहल के उद्यान सहायक ने इन पेड़ों पर कुल्हाड़ी चलवा दी।
इसके लिए उन्होंने विभागीय अधिकारियों से जानकारी लेना भी उचित नहीं समझा। उद्यान निदेशक का कहना है कि पेड़ काटने के लिए उनसे अनुमति नहीं ली गई थी। फलदार पेड़ को काटना नियम विरुद्ध है। मंगलवार को उद्यान सहायक को ताजमहल से हटाकर मुख्य कार्यालय से अटैच कर दिया गया है। स्मारकों में जहां एक ओर प्रदूषण को कम करने के लिए ज्यादा से ज्यादा संख्या में पेड़ लगाए जा रहे हैं, उसमें छह वर्ष पूर्व लगाए गए दर्जनों पेड़ों को काटने की जानकारी से एएसआई के उद्यान विभाग के अधिकारी भी चौंक गए हैं।