दुर्घटना में क्षतिग्रस्त हुआ वाहन
- फोटो : अमर उजाला
मथुरा के गोवर्धन क्षेत्र में राधाकुंड-छटीकरा मार्ग पर बुधवार तड़के गिरिराज जी की परिक्रमा करके लौट रहे श्रद्धालुओं की ट्रैवलर गाड़ी जुल्हेंदी रेलवे फाटक के समीप सामने से आ रहे डंपर से टकरा गई। हादसे में 16 श्रद्धालु घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को गोवर्धन के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया, जहां से गंभीर घायलों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। ट्रैवलर के चालक की हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को कब्जे में लिया है।
जुल्हेंदी फाटक के समीप हुआ हादसा
पुलिस के अनुसार नोएडा से आए श्रद्धालु बुधवार तड़के करीब 3.30 बजे गिरिराजजी की परिक्रमा कर अपनी ट्रैवलर गाड़ी से लौट रहे थे। उनकी गाड़ी अलवर-मथुरा रेल मार्ग के जुल्हेंदी फाटक के समीप भूसा के ट्रैक्टर को ओवरटेक करने के कारण सामने से तेज गति से आ रहे डंपर से टकरा गई। टक्कर इतनी भयानक थी कि श्रद्धालुओं की गाड़ी डंपर में फंस गई। गाड़ी में बैठे श्रद्धालुओं में चीख पुकार मच गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया।
ट्रैवलर चालक की हालत गंभीर
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी विजेंद्र सिंह सिसौदिया ने बताया कि चालक बागपत (28) पुत्र राज बहादुर के सिर में गंभीर चोट आई है। मधु अग्रवाल, अमरजीत, राकेश कुमार, सावित्री, हेमलता को जिला अस्पताल रेफर किया है। सोमवती, राम प्रसाद व अन्य करीब एक दर्जन लोगों का उपचार किया गया है। चौकी प्रभारी राघवेंद्र सिंह चैहान ने बताया कि भूसा की गाड़ी को ओवरटेक करने के कारण हादसा हुआ है। डंपर का चालक फरार है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।