आगरा। एकलव्य स्टेडियम में 15 दिवसीय यूथ बास्केटबॉल टीम का प्रशिक्षण शिविर मंगलवार से शुरू हो गया। जिला बास्केटबॉल संघ के सचिव डॉ. हरि सिंह और संयुक्त सचिव डॉ. रीनेश मित्तल ने बताया कि चयनित 22 बालक एवं 20 बालिकाओं में से शिविर के बाद अंतिम 12-12 सदस्यीय टीम का चयन किया जाएगा। यह टीम 22 से 28 जुलाई तक नोएडा स्थित गलगोटिया विश्वविद्यालय में आयोजित होने वाली प्रादेशिक यूथ बास्केटबॉल चैंपियनशिप में आगरा का प्रतिनिधित्व करेगी। बालकों को प्रशिक्षक श्यामवीर सिंह एवं अयंत राणा प्रशिक्षण दे रहे हैं, जबकि बालिकाओं को राहुल सक्सेना एवं मनीष वर्मा प्रशिक्षण प्रदान कर रहे हैं। बुधवार से बालकों का प्रशिक्षण शिविर एकलव्य स्पोर्ट्स स्टेडियम में व बालिकाओं का शिविर सेंट एंथनी जूनियर कॉलेज, बालूगंज में होगा। सभी चयनित बालिकाओं को प्रतिदिन शाम 4:30 बजे सेंट एंथनी स्कूल परिसर में उपस्थित होने के निर्देश दिए गए हैं।