आगरा। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) में चल रही पांच दिवसीय आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) कार्यशाला के तीसरे दिन प्रशिक्षुओं को एक्सेल और कैनवा एआई का उपयोग सिखाया गया। उन्हें डाटा प्रबंधन, प्रस्तुतीकरण और डिजाइन के लिए एआई आधारित उपकरणों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। कार्यशाला का उद्देश्य शिक्षा के क्षेत्र में आधुनिक तकनीकी कौशल को बढ़ावा देना है।
प्रथम सत्र में इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एवं टेक्नोलॉजी आगरा की असिस्टेंट प्रोफेसर इंजीनियर अंकिता माहेश्वरी ने एक्सेल एआई पर सत्र संचालित किया। द्वितीय सत्र में इंजीनियर शिखी अग्रवाल ने कैनवा एआई का प्रशिक्षण दिया। इसमें कैनवा एआई मोबाइल एप की विशेषताओं, मैजिक डिजाइन, एआई प्रस्तुतीकरण निर्माता और टेक्स्ट-टू-इमेज जैसे उपकरणों का उपयोग सिखाया गया।
प्रशिक्षुओं ने अपने मोबाइल के माध्यम से टेम्पलेट और प्रस्तुतीकरण तैयार किए। डायट प्राचार्य अनिरुद्ध यादव ने कहा कि एक्सेल और कैनवा वर्तमान में महत्वपूर्ण एप्लीकेशन हैं, जिनका एआई के माध्यम से उपयोग सुलभ और प्रभावशाली हो जाता है। शैक्षिक तकनीकी प्रभारी डॉ. मनोज कुमार वार्ष्णेय ने कार्यक्रम का संचालन किया, जिसमें प्रवक्ता यशवीर सिंह सहित अन्य सदस्यों ने सहयोग प्रदान किया।