सिग्नल फेल, आधे घंटे टूंडला में खड़ी रही शताब्दी एक्सप्रेस
संवाद न्यूज एजेंसी
टूंडला(फिरोजाबाद)। नई दिल्ली से लखनऊ जा रही शताब्दी एक्सप्रेस शनिवार सुबह टूंडला में सिग्नल में तकनीकी खराबी के कारण आधे घंटे खड़ी रही। बाद में अफसरों के निर्देश पर मैन्युअल तरीके से ट्रेन को रवाना किया गया।
शनिवार को नई दिल्ली से लखनऊ जा रही 12004 शताब्दी एक्सप्रेस अपने निर्धारित समय से चल रही थी। ट्रेन सुबह 8.45 बजे स्टेशन पर पहुंची। ट्रेन जब निर्धारित ठहराव के बाद चली तो अचानक सिग्नल में खराबी आ गई। इससे ट्रेन को सिग्नल नहीं मिल सका। चालक ने तत्काल ही घटना की जानकारी मुख्य नियंत्रण कक्ष टूंडला के अधिकारियों को दी। आनन-फानन में विभागीय कर्मचारियों की टीम को मौके पर भेजा गया, लेकिन सिग्नल ठीक नहीं हो सका। आखिर में लगभग आधा घंटे बाद अधिकारियों के निर्देश पर शताब्दी को मेनुअली ढंग से किताब लगाकर गंतव्य के लिए रवाना किया गया।
इन्सेट
सिग्नल में तकनीकी कमी आने के कारण शताब्दी एक्सप्रेस रुकी थी। जिसे बाद में मैन्युअली किताब लगाकर रवाना किया गया।
अमित कुमार सिंह
जनसंपर्क अधिकारी, प्रयागराज