टूंडला-गाजियाबाद के बीच अनारक्षित एक्सप्रेस कल से चलेगी
संवाद न्यूज एजेंसी
टूंडला। रेल प्रशासन ने यात्रियों की सुविधा के लिए टूंडला-गाजियाबाद के मध्य एक अनारक्षित एक्सप्रेस ट्रेन चलाने की घोषणा की है। यह ट्रेन 11 अप्रैल को गाजियाबाद जंक्शन से चलकर टूंडला पहुंचेगी। प्रयागराज के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी डॉ. शुभम शर्मा ने बताया है कि गर्मियों में लोगों के अधिक आवागमन को देखते हुए रेल प्रशासन ने पूर्व की भांति टूंडला-गाजियाबाद स्टेशनों के मध्य 04936/ 04937 गाजियाबाद-टूंडला अनारक्षित एक्सप्रेस को चलाने का निर्णय लिया गया है। इस ट्रेन में सभी कोच अनारक्षित होंगे। स्टेशन से टिकट लेकर सीधे ट्रेन में बैठकर यात्रा कर सकेंगे। यह ट्रेन गाजियाबाद से टूंडला पांच घंटे बीस मिनट का समय लेगी। गाजियाबाद स्टेशन से सुबह 6.10 मिनट पर टूंडला के लिए रवाना होगी। गाजियाबाद से टूंडला के बीच 20 स्टेशनों पर इसके स्टॉपेज होंगे। गाजियाबाद से मारीपत, दादरी, बोराकी हाल्ट, अजायबपुर,दनकौर, वैर, चोला, गंगरौली हाल्ट, सिकंदरपुर, खुर्जा जंक्शन, कमालपुर, डांवर, सोमना, कलुआ, महरावल, अलीगढ, मडराक, हाथरस जंक्शन, जलेसररोड, बरहन जंक्शन होते हुए सुबह 11.30 पर टूंडला पहुंचेगी। यहां चार घंटे 10 मिनट के ठहराव के बाद सायं 3.40 बजे टूंडला से गाजियाबाद के लिए रवाना होगी। यहां यह शाम 7.40 बजे पहुंचेगी।