कासगंज। रेलवे से जुड़ी तमाम समस्याओं से लोगों का परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। जन समस्याओं के निस्तारण और यात्री सुविधाओं को बढ़ाने की मांग को लेकर शहर के व्यापारियों ने रेल महाप्रबंधक को ज्ञापन सौंपा। जीएम को दिए ज्ञापन में व्यापारियों ने कहा कि सहावर गेट रेलवे फाटक अधिकांश समय बंद रहता है। यहां ओवरब्रिज की जरूरत है। कासगंज से साप्ताहिक और अन्य एक्सप्रेस गाड़ियां चलाई गई हैं, लेकिन कासगंज जंक्शन स्टेशन से सुपरफास्ट गाड़ियों की शुरुआत नहीं की गई है।
कासगंज से विभिन्न क्षेत्रों के लिए सुपरफास्ट व एक्सप्रेस गाड़ियां चलाई जानी चाहिए। कासगंज प्रमुख व्यापारिक स्थल है। व्यापारी दिल्ली से जुड़े रहे हैं। यदि कासगंज ट्रैक को दिल्ली ट्रैक से जोड़ दिया जाए तो निश्चित ही व्यापार बढ़ेगा और रेलवे का राजस्व बढ़ेगा। कासगंज से देहरादून, कासगंज से गुना, इंदौर, कासगंज से जबलपुर, सतना ट्रेनों का संचालन शुरू किया जाए। इस दौरान रेलवे परामर्श दात्री समिति के सदस्य अखिलेश अग्रवाल, व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष सतीश गुप्ता, डॉ. मोहम्मद फारुक, सत्येंद्र सिंह वैस, डॉ. विकास गुप्ता आदि मौजूद रहे।
कासगंज। जिला कांग्रेस कमेटी ने रेलवे के महाप्रबंधक को नौ सूत्रीय ज्ञापन सौंपकर रेलवे से जुड़ी समस्याओं के समाधान की मांग उठाई। कांग्रेस के जिलाध्यक्ष मनोज पांडे के नेतृत्व में ज्ञापन सौंपा गया। उन्होंने कहा कि वृद्ध, बीमारों और विकलांगों को प्लेटफार्म पर जाने की सुविधाएं नहीं हैं। कासगंज से ग्वालियर, इलाहाबाद, झांसी की ओर ट्रेनें संचालित की जाएं। फोरलेन सड़क के नदरई रेलवे अंडरपास की समस्या का समाधान, सीसीटीवी कैमरे लगवाने, बंदरों की समस्या का समाधान करने की मांग उठाई। पूर्व की तरह मरुधर एक्सप्रेस को संचालित किया जाए। दीप कुमार पांडे, इंद्र पाल सिंह, विशाल पांडे, बंटी, अभय रतन माहेश्वरी आदि मौजूद रहे।