यमुना एक्सप्रेसवे पर माइलस्टोन 95 के पास टायर चेक कर रहे ट्रेलर चालक सकलेश यादव को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल चालक की जिला अस्पताल में मौत हो गई, जबकि दूसरे ट्रेलर का चालक मामूली रूप से घायल हुआ।
यमुना एक्सप्रेसवे पर रविवार रात माइलस्टोन 95 के पास टायर चेक कर रहे ट्रेलर चालक को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। इस हादसे में चालक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस घटना में दूसरे ट्रेलर के चालक को भी मामूली चोटें आई हैं।
विज्ञापन
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बिहार के नवादा निवासी सकलेश यादव सरिया लेकर बोकारो, झारखंड से नोएडा जा रहे थे। रविवार रात को माइलस्टोन 95 के पास उन्होंने अपना ट्रेलर सड़क किनारे खड़ा कर टायर चेक करना शुरू किया। इसी दौरान पीछे से आए एक अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए।
इस घटना के समय वहां से गुजर रहे दूसरे ट्रेलर के चालक कुंदन पुत्र छोटे लाल तांती, निवासी नवादा को भी मामूली चोटें आईं। दोनों घायलों को जेपी एंबुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने सकलेश यादव को मृत घोषित कर दिया। मांट थाना प्रभारी निरीक्षक उमेश कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में भेज दिया गया है और अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है।