आगरा के थाना मलपुरा क्षेत्र के गांव बाद के नजदीक रेलवे ओवर ब्रिज पर बुधवार सुबह करीब 9:00 बजे ट्रक की चपेट में आने से एक साइकिल सवार की मौके पर ही मौत हो गई। तेहरा के हुलसपुरा का रहने वाला करीब 35 वर्षीय बंटू पुत्र गिर्राज कुशवाहा रोज की तरह मजदूरी करने के लिए साइकिल से आगरा जा रहा था, इसी बीच पीछे से आ रहे ट्रक में उसे अपनी चपेट में ले लिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
रिश्ते की भाभी पूनम ने बताया कि बंटू के माता-पिता दिव्यांग है वह उनके घर में इकलौता कमाने वाला था। हादसे के बाद हाईवे के दोनों तरफ सड़कों पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। मौके पर मृतक के परिजन भी पहुंच गए है। ट्रक के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग करने लगे इसी बीच हाईवे पर करीब डेढ़ घंटे जाम लग गया। मौके पर पहुंचे अपराध निरीक्षक सचिन जावला चौकी प्रभारी ककुआ अनुज कुमार ने परिजन को समझा-बुझाकर जाम खुलवाया, जिसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए आगरा भेजा गया। थाना प्रभारी राजेंद्र प्रसाद वशिष्ट ने बताया कि तहरीर के आधार पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
जाम में फंस गया सेना के जवान का पार्थिव शरीर
आगरा-ग्वालियर हाईवे के गांव बाद पर हुए सड़क हादसे में साइकिल सवार की मौत के बाद लगे जाम में सैंया क्षेत्र के गांव रिठौरी के रहने वाला जवान विजयपाल सिंह का पार्थिव शरीर जाम में फंस गया इसके बाद पुलिस और सेना के जवानों ने उसे रॉन्ग साइड से गंतव्य के लिए रवाना किया।
आखिर क्यों होते हैं हादसे
ग्वालियर हाईवे के बटेश्वर रेलवे लाइन ओवर ब्रिज के ऊपर सड़क की चौड़ाई थोड़ी कम है, सड़क पर चार लाइन बनी हुई है, और दो पहिया के लिए अलग लाइन है लेकिन ओवर ब्रिज पर दो पहिया वाहन की लाइन नहीं है। ट्रक आपस में ओवरटेक करते हैं तो दो पहिया वाहन के लिए जगह नहीं बचती हैं और वह उनकी चपेट में आ जाते हैं ऐसी ही स्थिति आगे चलकर इरादत नगर खारी नदी ओवर ब्रिज और सैंया के रेलवे ओवर ब्रिज की है।