यातायात माह का शुभारंभ करते पुलिस आयुक्त
वाहन चलाते समय यातायात नियमों का पालन करें। दो पहिया वाहन चलाएं तो हेलमेट लगाएं और चार पहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट जरूर लगाएं। अगर कोई व्यक्ति अपने वाहन से आम लोगों का रास्ता रोकता है तो पुलिस से शिकायत करें। आगरा पुलिस के सोशल मीडिया एकाउंट एक्स, इंस्टाग्राम, फेसबुक पर पोस्ट करें। पुलिस तत्काल कार्रवाई करेगी। यह कहना था पुलिस आयुक्त दीपक कुमार का जो सोमवार को यातायात माह के उद्घाटन पर पुलिस क्लब में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कार्यक्रम में आए लोगों, स्कूली छात्र-छात्राओं और एनसीसी कैडेट से सवाल किया कि कितने बच्चे फेसबुक, इंस्टाग्राम और एक्स पर सक्रिय हैं। इस पर किसी विद्यार्थी ने हाथ नहीं उठाया। पुलिस कमिश्नर ने कहा कि आगरा पुलिस सोशल मीडिया पर सक्रिय है। यातायात का हर अपडेट देती है। लोग अपनी शिकायत और समस्या पोस्ट कर समाधान करा सकते हैं। इस पर विद्यार्थियों ने हाथ उठाकर समर्थन किया।
पुलिस लाइन से निकाली रैली
यातायात माह के शुभारंभ पर पुलिसकर्मियों ने वाहन रैली निकाली जो घूमकर पुलिस लाइन पहुंची। इसमें ट्रैफिक नियमों से संबंधित बैनर और पोस्टर लेकर पुलिसकर्मी निकले। पुलिस आयुक्त ने बताया कि जागरुकता के साथ नियमों के उल्लंघन पर चालान किया जाएगा। अपर पुलिस आयुक्त राम बदन सिंह सहित अन्य डीसीपी माैजूद रहे। यहां आए लोगों को यातायात नियमों के पालन की शपथ दिलाई गई।
उपकरणों की लगाई गई प्रदर्शनी
डीसीपी यातायात सोनम कुमार ने बताया कि नवंबर 2024 में यातायात माह में 94 हजार से अधिक चालान किए गए थे। 5 लाख रुपये का शमन शुल्क वसूला गया था। यातायात पुलिस के पास स्पीड रडार है, जिससे तेज रफ्तार वाले वाहनों के चालान किए जाते हैं। अलग अलग जगह लगे कैमरों से यातायात व्यवस्था पर नजर रखी जाती है। नियमों को तोड़ने वालों के चालान किए जा रहे हैं। समारोह में यातायात पुलिस के उपकरणों की प्रदर्शनी भी लगाई गई।