आगरा में हाईवे पर मेट्रो के कार्य के चलते यातायात की रफ्तार थम गई है। सुबह से शाम तक वाहनों की कतार लगी रहती है। स्कूली वाहन और एंबुलेंस घंटों जाम में फंसे रहते हैं।
आगरा में हाईवे पर आईएसबीटी से लेकर सिकंदरा तिराहे तक मेट्रो के काम से परेशानी बढ़ गई है। सुबह-शाम वाहनों की दो किमी लंबी लाइन लग रही है। पांच मिनट का रास्ता तय करने में 30 मिनट तक का समय लग रहा है। ऐसे में एंबुलेंस सायरन बजाती रहती हैं। स्कूली वाहनों के फंसने से विद्यार्थियों का भी हाल बेहाल हो रहा है। पुलिस की व्यवस्था फेल साबित हो रही है।
विज्ञापन
आईएसबीटी से सिकंदरा तिराहे तक मेट्रो ने बैरिकेडिंग लगा रखी है। गुरुद्वारा गुरु का ताल के पास हाईवे के डिवाइडर के साथ ही सर्विस रोड पर भी बैरिकेडिंग लगाई गई है। दोनों तरफ बैरिकेडिंग होने की वजह से वाहनों के निकलने के लिए रास्ता बेहद संकरा है। वहीं रेलवे ओवरब्रिज से भी वाहन सर्विस रोड से होते हुए पेट्रोल पंप के सामने से हाईवे पर आते हैं। यहां पर भी बैरिकेडिंग होने की वजह से दोनों तरफ वाहन आने पर फंस जाते हैं। ऐसे में हाईवे पर भी लाइन लग रही है।
सिकंदरा तिराहे से पहले प्रभा कट पर भी पुलिस तैनात की गई है मगर इससे कोई फायदा नहीं हो रहा है। सुबह और शाम के समय वाहनों का दबाव अधिक होने पर जाम लग रहा है। सिकंदरा तिराहे को पार करने में 25 से 30 मिनट तक लग जाते हैं। दोपहर में स्कूलों की छुट्टी के समय वाहन अधिक होने की वजह से दो किमी तक लाइन लग रही है। कट और तिराहे पर पुलिसकर्मी होने के बावजूद राहत नहीं मिल पा रही है।