अगर पुरानी मंडी से शाहजहां पार्क की ओर या किले की ओर जाना है तो शनिवार सुबह से दूसरे रास्ते से गुजरना होगा। 9 फरवरी तक यह रोड बंद रहेगी। नमामि गंगे के तहत मंटोला नाले की टैपिंग के लिए पुरानी मंडी चौराहा से शाहजहां पार्क तक वाहन नहीं जा सकेंगे। यह एकल मार्ग रहेगा और शाहजहां पार्क से पुरानी मंडी की ओर ही वाहन चल सकेंगे।
ट्रैफिक पुलिस ने इस रोड का विकल्प पुरानी मंडी से माल रोड, टक्कर रोड को बनाया है। जलनिगम ग्रामीण की नमामि गंगे परियोजना में 1400 मिमी व्यास की राइजिंग मेन बिछाने का काम पुरानी मंडी से शाहजहां पार्क के बीच शनिवार से 9 फरवरी तक किया जाएगा। इस वजह से वाहन आगरा किला की ओर से शाहजहां पार्क होते हुए वाहन पुरानी मंडी चौराहे तक जा सकेंगे, लेकिन आ नहीं सकेंगे।
इसके लिए उन्हें पुरानी मंडी चौराहा से सर्किट हाउस रोड होते हुए माल रोड, टक्कर रोड होते हुए किले के सामने से शाहजहां पार्क की ओर जाना होगा। ताजगंज, फतेहाबाद रोड, ताजनगरी, राजपुर चुंगी, शमशाबाद रोड से कमला नगर, हाईवे और शहर की ओर आने वाले वाहनों को इससे लंबा चक्कर लगाकर आना होगा।