ताजमहल के पास शिल्पग्राम में 18 से 27 फरवरी तक आयोजित होने वाले शिल्प, कला और संस्कृति के मेले 'ताज महोत्सव' का उद्घाटन प्रदेश के राज्यपाल राम नाईक करेंगे। ताज महोत्सव आयोजन समिति ने राज्यपाल को उद्घाटन के लिए आमंत्रण पत्र भेजा है।
महोत्सव के शुभारंभ के मौके पर भगवान श्रीराम पर आधारित नृत्य नाटिका ‘जनकपुरी से अवधपुरी’ तक का मंचन किया जाएगा। कई साल के बाद ताज महोत्सव का शुभारंभ प्रदेश के राज्यपाल के हाथों होगा। इस बार का महोत्सव परंपरा थीम पर होगा।
इस थीम के मुताबिक ही देश की सांस्कृतिक विरासत को सहेजने वाले कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। भगवान राम पर आधारित नृत्य नाटिका का मंचन होगा तो वहीं कथक, भरतनाट्यम, कथकली आदि नृत्य कार्यक्रमों के लिए प्रख्यात कलाकारों को आमंत्रित किया गया है।