ऑनलाइन व्यापार के विरोध में मंत्री को ज्ञापन देते व्यापारी स्त्रोत संगठन
आगरा। ऑनलाइन कारोबार के बढ़ते वर्चस्व और बहुराष्ट्रीय कंपनियों की मनमानी के खिलाफ व्यापारियों ने आर-पार लड़ाई का मन बनाया है। रविवार को उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने केंद्रीय राज्य मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल और विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल से मुलाकात कर उन्हें प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। व्यापारियों ने भारत बंद की चेतावनी दी है।
व्यापार मंडल के अध्यक्ष टीएन अग्रवाल और वरिष्ठ उपाध्यक्ष जय पुरसनानी ने कहा कि विदेशी कंपनियों और बड़े उद्योगपतियों के ऑनलाइन पोर्टल के कारण स्थानीय बाजार सूने पड़ गए हैं। त्योहारों के सीजन में भी ग्राहकों के ऑनलाइन रुख करने से फुटकर विक्रेताओं और छोटे दुकानदारों के सामने आजीविका का संकट खड़ा हो गया है।
व्यापारियों ने कहा कि छोटे व्यापारियों के अस्तित्व को बचाने के लिए ऑनलाइन कारोबार पर कड़े प्रतिबंध लगाए जाएं। इस दौरान व्यापारी नेता कन्हैया लाल राठौड़, जयप्रकाश अग्रवाल, राजेश अग्रवाल, अशोक मंगवानी, नितेश अग्रवाल, राकेश बंसल और दुष्यंत गर्ग आदि मौजूद रहे।