कासगंज। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल कंछल गुट की बैठक एक होटल में आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष सतीश गुप्ता ने की। बैठक को संबोधित करते हुए नगर अध्यक्ष अखिलेश अग्रवाल ने कहा कि व्यापार मंडल के गठन के 50 वर्ष पूर्ण हो चुके हैं। इस परिपेक्ष्य में पूरे उत्तर प्रदेश में स्वर्ण जयंती समारोह का आयोजन किया जा रहा है। प्रांतीय अध्यक्ष बनवारी लाल कंछल ने सभी जिले के जिलाध्यक्षों एवं नगर अध्यक्षों को निर्देशित दिया है कि अपने-अपने जिला व नगर में व्यापार मंडल के गठन के 50 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में स्वर्ण जयंती समारोह आयोजित करें। जिलाध्यक्ष सतीश गुप्ता एवं जिला महामंत्री राजेंद्र गुप्ता ने कहा कि समारोह के अंतर्गत जिले की सभी इकाइयां पूर्ण रूप से सम्मिलित रहेंगे। प्रांतीय मंत्री सतवीर सिंह मनकू एवं प्रांतीय संगठन मंत्री अनिल अग्रवाल ने कहा कि उक्त सम्मेलन में जनपद एवं नगर के वरिष्ठ व्यापारियों को विभिन्न सम्मान से नवाजा जाएगा। स्वर्ण जयंती समारोह में प्रदेश सरकार के मंत्रीगण भी शिरकत करेंगे। स्वर्ण जयंती समारोह के आयोजन से पूर्व जिले के हजारों व्यापारियों को व्यापार मंडल की सदस्यता दिलाकर इस समारोह से जोड़ा जाएगा। व्यापारियों को एकजुट करने एवं उनकी मूलभूत समस्याओं का समाधान करने के लिए एक कमेटी का भी गठन किया गया है।