कासगंज। थाना सुन्नगढ़ी क्षेत्र के गांव नागर में खेत से चिकोरी भरने के लिए पहुंची ट्रैक्टर ट्रॉली खेत से गुजर रही हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गई। जिससे ट्रॉली में आग लग गई और धूं धूं कर जलने लगी। ट्रैक्टर चालक ने ट्रॉली में आग लगते ही ट्रॉली को आगे पीछे करने की कोशिश की, लेकिन वह भी करंट का शिकार हो गया और उसके हाथ पैर भी झुलस गए। ट्रैक्टर चालक की मौके पर मौत हो गई। वारदात की सूचना पर गांव के लोग और परिवार के लोग मौके पर पहुंच गए। प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने चालक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।यह हादसा करीब डेढ़ से दो बजे के बीच हुआ। जब ट्रैक्टर चालक प्रवेंद्र(22) निवासी म्यांसुर नागर गांव के निवासी राजेश के खेत में चिकोरी भरने के लिए पहुंचा था। यह चिकोरी प्लांट पर ले जाई जानी थी। खेत में जगह जगह चिकोरी के ढेर लगे हुए थे। प्रवेंद्र जैसे ही खेत में पहुंचा तो उसने ट्रॉली की लिफ्ट उठाई। उसे इस बात का ध्यान नहीं था कि ऊपर हाईटेंशन लाइन है। हाईटेंशन लाइन से ट्रॉली छूते ही करंट उतर गया। ट्रॉली के टायरों में तेजी से आग लग गई। इसी बीच ट्रैक्टर आगे पीछे कर रहा चालक प्रवेंद्र चपेट में आ गया और उसकी मौत हो गई। जिस खेत में यह हादसा हुआ वहां अन्य किसान भी मौजूद थे। हादसा होते ही शोर शराबा मच गया। चालक के गांव म्यांसुर सूचना भेजी गई। परिवार के लोग मौके पर आ गए। पुलिस को सूचना दी। सुन्नगढ़ी थाना पुलिस भी आ गई और पटियाली तहसील के पदाधिकारी भी पहुंच गए। पुलिस ने तत्काल विद्युत सप्लाई बंद कराई। इसके बाद लोग ट्रैक्टर ट्रॉली के पास पहुंचे। हादसे के बाद ग्रामीणों ने लटकी हुईं हाईटेंशन लाइनों को लेकर आक्रोश देखा गया। आक्रोशित विद्युत निगम को जिम्मेदार बता रहे थे। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेजा है।