फतेहपुर सीकरी में विश्वदाय स्मारक जोधाबाई महल के अंदर बने रिकॉर्ड रूम में रविवार की दोपहर सांप निकल आया। इससे पर्यटक भयभीत हो गए। सूचना पर पहुंचे पुरातत्व विभाग के कर्मचारियों और एसआईएस सुरक्षा गार्डों ने सांप को पकड़वाकर महल से बाहर छुड़वाया।
रविवार दोपहर पर्यटन विभाग के गाइड योगेश शर्मा पर्यटकों को स्मारक भ्रमण करा रहे थे। इस दौरान जैसे ही वो पर्यटकों को लेकर रिकॉर्ड रूम में पहुंचे तो स्मारक की दीवार सांप बैठा दिखा। इससे पर्यटक भयभीत हो गए। इसकी जानकारी तुरंत पुरातत्वकर्मी और सुरक्षा गार्डों को दी गई।
मौके पर पहुंचे सुरक्षाकर्मियों ने सांप को पकड़वा कर जंगल की तरफ छुड़वाया। इसके बाद लोगों ने राहत की सांस ली। बता दें कि एक माह पूर्व भी शीश महल में सांप निकला था, जिसे पुरातत्व विभाग के कर्मचारियों ने सपेरों से पकड़वाया था।