आगरा में भीषण गर्मी का प्रकोप है। ऐसे में ताजमहल देखने आने वाले पर्यटकों को भी इससे परेशान होना पड़ रहा है। बृहस्पतिवार को स्मारक पर कई पर्यटकों की तबीयत बिगड़ गई। वह बेहोश होकर गिर पड़े।
ताजनगरी में पड़ रही भीषण गर्मी और चिलचिलाती धूप ने पर्यटकों की मुश्किलें बढ़ा दी है। बृहस्पतिवार को ताजमहल का दीदार करने आए नौ पर्यटकों की गर्मी के कारण अचानक तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल भिजवाया गया।
विज्ञापन
जानकारी के मुताबिक ताजमहल परिसर में भ्रमण के दौरान छत्तीसगढ़ के यामिनी साहू, लालाराम साहू व शैलेश कुमार को उल्टी, संगीता साहू को उल्टी-दस्त और प्रेमलता दिवाकर को तेज सिरदर्द की शिकायत हुई। वहीं गोरखपुर की अंशिका को उल्टी की समस्या हुई, जबकि महाराष्ट्र से आईं धनश्री चंद्रशेखर मंते, रिया मुकुंदा सूर्यवंशी और जिया मुकुंदा सूर्यवंशी अचानक बेहोश होकर गिर पड़ीं।
पर्यटकों की हालत बिगड़ती देख आनन-फानन में सभी को ताजमहल परिसर स्थित डिस्पेंसरी ले जाया गया। वहां मौजूद डॉक्टर ने प्राथमिक जांच के बाद हीट स्ट्रोक की आशंका को देखते हुए सभी मरीजों को एंबुलेंस से जिला अस्पताल रेफर कर दिया। बाकी को जरूरी दवाई और ओआरएस का घोल दिया। आराम मिलने के बाद पर्यटक चले गए।