फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

टूरिज्म प्रमोशन दरकिनार, अफसरों की भरमार

Mon, 16 Nov 2015 01:33 AM IST
ब्यूरो अमर उजाला, आगरा
विज्ञापन
विज्ञापन
दावे तो ताजनगरी में एडवेंचर टूरिज्म के प्रमोशन के किए, लेकिन ताज बैलून फेस्टिवल में पहले दो दिन टूरिज्म प्रमोशन को ही दरकिनार किया गया, जबकि अफसरों को घुमाने की भरमार रही। कभी मुख्य सचिव के परिवार को तो कभी स्थानीय अफसरों के परिवार को बैलून की उड़ान का रोमांच दिलाया गया। शहर के पर्यटन उद्योग को न तो बैलून फेस्टिवल का न्योता भेजा गया और न ही उन्हें एडवेंचर टूरिज्म के प्रोग्राम से जोड़ा गया। उद्यमियों के पास इसकी प्रचार सामग्री तक नहीं भेजी गई। ऐसे में पर्यटक बैलून फेस्टिवल से जुड़ ही नहीं सके। आयोजक कंपनी स्काई वाल्ट्ज ने दो दिन अफसरों को ही बैलून की सैर कराई। पर्यटन संगठन इसकी शिकायत सीधे मुख्यमंत्री करेंगे।
विज्ञापन

वेबसाइट पर बुकिंग की गई बंद
फेस्टिवल की वेबसाइट पर आयोजक कंपनी 250 डॉलर यानी करीब 17 हजार रुपये में बुकिं ग कर रही थी, लेकिन प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों की लिस्ट इतनी लंबी है कि पर्यटकों की बुकिंग बंद कर दी गई। कई होटलों में ठहरे पर्यटक बैलून फेस्टिवल की मीडिया रिपोर्ट के बाद सैर करना चाह रहे थे, लेकिन बुकिंग बंद होने से वह निराश हुए।
 कोई यहां उड़ा, कोई वहां उड़ा
आगरा। दूसरे दिन रविवार सुबह हाथीघाट के सामने यमुना की तलहटी से ही बैलून ने उड़ान भरी। 15 बैलून में से कुछ तो कहरई तो कुछ बरौली अहीर और कुछ श्यामो की ओर पहुंचे। एक बैलून हवा की दिशा बदलने से यू टर्न लेकर वापस मुड़ा, लेकिन फिर ऊंचाई पर जाकर शमसाबाद रोड की ओर चला गया। सुबह मुख्य सचिव के पुत्र और उनके दोस्तों ने गुब्बारे में बैठकर आसमान से आगरा की सैर की।
विज्ञापन

तलहटी में डीजल वाहन, रोकी जलधारा
बैलून को यमुना की तलहटी से उड़ाया जा रहा है। आगरा के आला अधिकारी हर सुबह वहां पहुंच रहे हैं, लेकिन यमुना में डीजल वाहनों से हो रहे प्रदूषण को रुकवा नहीं रहे। यही अफसर कभी यमुना में भैंसों को रोकते हैं तो कभी नए वाहन खरीदने पर जगह का शपथ पत्र मांगते हैं तो कभी कंडे जलाने पर रोक लगा रहे हैं। यही नहीं, यमुना नदी की तलहटी तक डीजल गाड़ियां पहुंच जाएं, इसलिए जलधारा रोकने के लिए मिट्टी डाल दी गई। सीमेंट का पाइप डालकर उसी के ऊपर से वाहन कॉरिडोर के ठीक सामने तलहटी को रौंद रहे हैं।
लकी ड्रा 100 का, निकाले 50
पीएसी मैदान में शाम को नाइट ग्लो कंसर्ट के लिए यूपी टूरिज्म में हर दिन 100 ड्रा निकालने की घोषणा की गई थी, लेकिन केवल 50 नाम ही निकाले जा रहे हैं। इन्हें फ्री राइड का झांसा दिया गया था, लेकिन केवल 10 से 20 फीट ऊंचाई तक ही ले जाया जा रहा है। पर्यटन कार्यालय में लकी ड्रा के लिए आवेदन करने वाले संख्या कम किए जाने को लेकर रविवार को विवाद करते देखे गए।
डीजी टूरिज्म नाराज होकर गए दिल्ली
फेस्टिवल के लिए शनिवार रात को पर्यटन महानिदेशक अमृत अभिजात आगरा आए थे। फतेहाबाद रोड स्थित पंचतारा होटल में रात्रि प्रवास के बाद सुबह उन्हें बैलून फेस्टिवल में पहुंचना था। सूत्रों के मुताबिक, कंपनी ने उनकी सिफारिश वाले तीन लोगों को अचानक राइड कराने से इंकार कर दिया। इससे खफा डीजी टूरिज्म खुद भी नहीं पहुंचे और दिल्ली चले गए।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें