ताजमहल को टूरिस्ट फ्रेंडली बनाने के लिए आगरा कमिश्नर की ओर से जारी आदेशों का पालन नहीं हो रहा है। हाल ही में यहां घोड़ा गाड़ी (तांगा) पर रोक लगाई गई लेकिन पूर्वी गेट पर तांगों पर लगाम नहीं लग पा रही है। इस वजह से पर्यटकों को असुविधा हो रही है।
पूर्वी गेट पर लगे बेशकीमती कोवल पत्थरों को भी नुकसान हो रहा है। घोड़ों के टापों की वजह से पत्थर चटक रहे हैं। मंडलायुक्त के. राममोहन राव ने तीन जुलाई को सात दिन के दिन अंदर इन बेलगाम तांगों को प्रतिबंधित करने का फरमान सुनाया था। मगर, इस पर अब तक अमल नहीं हो पाया है।
ताजगंज परियोजना के अंतर्गत किए गए कार्यों के हस्तांतरण के संबंध में तीन जुलाई को मंडलायुक्त की अध्यक्षता में बैठक हुई थी। तब ताजमहल के पूर्वी गेट रोड पर तांगों से रोड पर गंदगी फैलने का मुद्दा उठा था।
इससे होने वाली दुर्गंध से पर्यटकों को होने वाली असुविधा के समाधान पर चर्चा की गई। मंडलायुक्त ने सीओ सदर को तांगा संचालकों के साथ बैठक कर इन्हें सात दिन में प्रतिबंधित करने का आदेश दिया था।