कासगंज। पुलिस की भर्ती परीक्षा के दौरान शनिवार को पहली और दूसरी पाली में 24528 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी। इन परीक्षार्थियों की अतिरिक्त भीड़ पहुंचने के कारण यातायात के साधन कम नजर आए। हालांकि रेलवे ने परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए मथुरा, फर्रुखाबाद और बरेली की ओर जाने वाली चार ट्रेनों के समय में बदलाव किया। जबकि मथुरा से आने वाली एक ट्रेन के समय में बदलाव किया गया।परिवहन निगम के बस अड्डे पर भीड़ का आलम रहा, लेकिन बस से ज्यादा दबाव रेलवे स्टेशन पर नजर आया। यहां मथुरा-फर्रुखाबाद की ओर जाने वाली ट्रेनों में काफी भीड़ रही।
इन ट्रेनों में समय में किया गया बदलाव :
कासगंज जंक्शन से ट्रेन संख्या 25345 मथुरा के लिए सुबह 11:05 बजे रवाना होने वाली एक्सप्रेस ट्रेन को पहली पारी की परीक्षा छूटने के बाद 1 बजे रवाना किया। वहीं कासगंज से बरेली की ओर जाने वाली ट्रेन संख्या 015061 को सायं 5:25 की जगह 6 बजे रवाना किया गया। कासगंज-भरतपुर 05423 के जाने का समय सायं 5:30 बजे का है इस ट्रेन को भी 6 बजे रवाना किया गया। 05349 कासगंज-फर्रुखाबाद जाने वाली ट्रेन को 5:30 के स्थान पर 6 बजे रवाना किया गया। वहीं, मथुरा से आने वाली ट्रेन संख्या 05348 का कासगंज की चलने का समय 11:45 बजे था। इसे मथुरा से 1 बजे रवाना किया गया। स्टेशन अधीक्षक मनोज शर्मा ने बताया कि परीक्षार्थियों को देखते हुए ट्रेनों के समय बदलाव किया गया। यह बदलाव आज रविवार को भी लागू रहेगा।