विजय नगर में आयोजित विशाल हिंदू सम्मेलन में मंच पर श्री वृंदावन धाम से आए रसराज दास महाराज और अ
आगरा। विजय नगर हिंदू सम्मेलन समिति की ओर से विजय नगर कॉलोनी में रविवार को विशाल हिंदू सम्मेलन का आयोजन हुआ। इसमें विभिन्न धर्मों व संगठनों के वक्ता शामिल हुए। उन्होंने सनातनियों को एक होकर राष्ट्र निर्माण के लिए संगठित होने का संदेश दिया। इसके साथ ही स्कूली छात्रों ने नृत्य और मलखंब का प्रदर्शन किया।
श्रीधाम वृंदावन के रसराज दास महाराज ने कहा कि सनातनी परंपरा और पवित्र संतों की भूमि वाले देश में हिंदू सम्मेलन इसलिए हो रहे हैं क्योंकि हम जातियों, अलग पूजा पद्धत्ति और भाषा के भेद को दूर नहीं कर सके हैं। सभी भारत माता की संतान होने के बाद भी अलग-अलग बंट जाते हैं। हमें राष्ट्र के उत्थान के लिए संगठित होना होगा। देश के कई हिस्सों में देखो हिंदुओं की संख्या कम होने पर कैसे दुर्दशा हुई।
मेवात से आए रामतीर्थ महाराज ने कहा कि अपने बच्चों को जाग्रत करने की जरूरत है। मेवात आज छोटा पाकिस्तान है। हिंदू पलायन कर रहे हैं। आरएसएस के क्षेत्रीय कार्यवाह प्रमोद शर्मा ने कहा कि व्यक्ति कि पहचान जाति के आधार पर नहीं बल्कि देश के आधार पर होनी चाहिए। हिंदू की पहचान राष्ट्र के नाम पर हो।
बिहाराधीश से भंते धम्म बोधि थैरो ने कहा कि गौतम बुद्ध ने ब्राह्मणों को सबसे पहली शिक्षा पंचशील ज्ञान की दी। आर्य अष्टांगिक मार्ग और मध्यम मार्ग बुद्ध के दुखों से मुक्ति पाने के मुख्य आधार हैं। हमें देश से जातिवाद का खत्म करना होगा। ब्रह्मकुमारी राज दीदी ने कहा कि पंच परिवर्तन के माध्यम से हिंदू समाज को जाग्रत कर किया जा रहा है। इस दौरान विजय नगर गुरुद्वारा के हरजेंद्र सिंह, समिति अध्यक्ष छोटेलाल बंसल, हिमानी चतुर्वेदी, रमन अग्रवाल, आलोक आर्य, नितेश अग्रवाल, अजय तोषनीवाल, पार्षद ऋषभ गुप्ता, राज बहादुर राज, उपमा गुप्ता, मनोज बाबा आदि मौजूद रहे।