मुस्लिम समाज के लोगों से वार्ता करते पुलिस अफसर
- फोटो : अमर उजाला
मथुरा में जुमे की नमाज से एक दिन पहले ही सुरक्षा कड़ी कर दी गई। आठ जोन और 34 सेक्टरों में शहर को बांटकर चप्पे-चप्पे पर पुलिस और पीएसी के जवान तैनात किए गए हैं। ड्रोन से मिश्रित आबादी में निगरानी की जा रही है। बृहस्पतिवार को पुलिस-प्रशासन के अफसरों ने पैदल गश्त करके लोगों से सौहार्द बनाए रखने की अपील की।
बीते 20 दिसंबर को जुमे की नमाज के बाद नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) के विरोध में सड़कों पर मुस्लिम समाज ने प्रदर्शन किया था। पुलिस की चौकसी के चलते बवाल नहीं हो सका। इसमें एसएसपी की सूझबूझ और बनाई गई रणनीति महत्वपूर्ण रही। एक सप्ताह बीतने के बाद शुक्रवार को जुमे की नमाज होगी। इसे देखते हुए शहर की सुरक्षा कड़ी कर दी गई।
बृहस्पतिवार सुबह से पुलिस और पीएसी के जवान पूरी तरह से मुस्तैद नजर आए, वहीं पुलिस-प्रशासन के अफसरों ने मनोहरपुरा, मेवाती मोहल्ला, मटियागेट, नई बस्ती आदि मिश्रित आबादी में पैदल गश्त करके मुस्लिम समाज से सौहार्द बनाए रखने की अपील की। एलआईयू की मिश्रित आबादी क्षेत्र में खास नजर है।