रेलवे पुलिस ने चलाया चेकिंग अभियान
आरआरबी एनटीपीसी के अभ्यार्थियों द्वारा परीक्षा को लेकर किए गए आंदोलन व ट्रेनों को पहुंचाई गई क्षति को लेकर राजकीय रेलवे पुलिस द्वारा रेलवे स्टेशन पर चेकिंग अभियान चलाया गया। हालांकि यहां पूरी तरह से शांति रही। प्रयागराज में विगत दिनों आरआरबी एनटीपीसी परीक्षा के अभ्यार्थियों द्वारा परीक्षा में की गई गड़बड़ी को लेकर जगह-जगह रेलवे ट्रैक पर विरोध-प्रदर्शन किया गया और ट्रेनों में आगजनी भी की गई। जिससे रेलवे की संपत्ति का काफी नुकसान हुआ।
इसको लेकर रेल प्रशासन ने रेलवे पुलिस को सतर्क किया है। शुक्रवार को राजकीय रेलवे पुलिस द्वारा टूंडला रेलवे स्टेशन पर चेकिंग अभियान चलाया गया। यात्रियों से पूछताछ की गई। सामानों को भी चेक किया गया। प्रभारी योगेंद्र सिंह ने बताया कि छात्रों के विरोध को देखते हुए चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान पूर्ण रूप से शांति रही।