सहावर में सहकारी समिति अध्यक्ष व किसान यूनियन टिकेट कार्यकर्ताओं में खाद को लेकर होती नोंकझोंक।
सहावर। जिले में खाद के लिए घमासान जारी है। सहकारी समिति पर 500 बोरी डीएपी की खेप पहुंची तो बुधवार सुबह से ही करीब 200 किसान लाइन में लग गए। इस दौरान समिति अध्यक्ष ने एक-एक बोरी डीएपी देने की बात कही तो किसानों ने नाराजगी जताते हुए हंगामा शुरू कर दिया। सूचना पर भारतीय किसान यूनियन टिकैत गुट के कार्यकर्ता भी पहुंच गए। उनकी समिति के अध्यक्ष से तीखी नोकझोंक हुई। कस्बा स्थित सहकारी समिति पर 500 बोरी डीएपी खाद की खेप पहुंचने की जानकारी किसानों को मंगलवार को रात में ही हो गई थी। बुधवार की सुबह से ही लगभग 200 किसान खाद लेने के लिए समिति पर पहुंच गए। किसानों का आरोप है कि समिति के अध्यक्ष नरेश ने हर किसान को एक-एक बोरी खाद देने की बात कही। साथ ही खाद की अगली खेप आने के बाद ही अन्य किसानों को खाद वितरित करने की बात कह दी। इस पर किसान पर्याप्त मात्रा में खाद देने की मांग करते हुए विरोध करने लगे।जानकारी मिलने पर भारतीय किसान यूनियन टिकैत गुट के वरिष्ठ मंडल उपाध्यक्ष अब्दुल रियाज भी सहकारी समिति पर पहुंच गए। उन्होंने समिति अध्यक्ष नरेश से किसानों को दो-दो बोरी खाद देने की बात कही। अब्दुल रियाज का आरोप है कि समिति अध्यक्ष डीएपी खाद वितरण में भेदभाव कर रहे हैं। इस वजह से किसानों को बाजार से अधिक दाम पर खाद खरीदनी पड़ रही है। किसानों ने पर्याप्त खाद वितरण की मांग की है। चेतावनी दी है कि अगर उनकी मांग पूरी नहीं हुई तो वे धरना-प्रदर्शन करेंगे।