29एमएनपी-17-किशनी में टिड्डी द्वारा चट की गई ढेंचा की फसल देखते किसान
- फोटो : MAINPURI
मैनपुरी। कोरोना के अलावा टिड्डी भी देश के लिए खतरा बनी हुई है। ऐसे में टिड्डी से निपटने के लिए प्रशासन ने एक नई योजना बनाई है। अब डीजे के जरिए सहारे टिड्डी दल को भगाया जाएगा।
जिले में हो रही खेती को टिड्डी दल का खतरा बना हुआ है। दो दिन में ही जिले में आई टिड्डी ने फसलों को काफी नुकसान पहुंचाया था। ऐसे में अब प्रशासन और कृषि विभाग इससे निपटने के लिए पूरी तैयारी में जुट गया है। इसी बीच जिले में आईं मुख्य विकास अधिकारी ईशा प्रिया ने एक नई पहल की है। उन्होंने डीजे के सहारे टिड्डी को भगाने का निर्णय लिया है। इसके लिए उन्होंने सभी ग्राम पंचायतों में डीजे संचालकों की लिस्ट तैयार करने के निर्देश दिए थे। कृषि विभाग ने इसकी लिस्ट तैयार भी कर ली है। विभागीय अधिकारियों के अनुसार टिड्डी शोर से भागती है। अभी तक किसान बर्तन या अन्य माध्यमों से शोर करते थे लेकिन अगर डीजे होगा तो तेज आवाज के चलते टिड्डी को रोका जा सकेगा।
मुख्य विकास अधिकारी के आदेश पर सभी ग्राम पंचायतों में डीजे संचालकों को चिह्नित किया गया है। कहीं भी टिड्डी के प्रकोप की सूचना पर डीजे बजाकर उन्हें भगाया जा सकेगा।
डॉ. गगन दीप सिंह, जिला कृषि अधिकारी।