आगरा के जीवनी मंडी वाटर वर्क्स गेट के बाहर पानी की 28 इंच पाइप लाइन फिर से लीक हो गई। लीकेज के कारण पेयजल आपूर्ति बंद कर दी गई। जिससे काला महल, छीपीटोला और कोतवाली क्षेत्र के मोहल्लों में 1.5 लाख लोगों को शनिवार सुबह पानी नहीं मिला। जलकल विभाग ने शाम छह बजे तक मरम्मत का काम पूरा कर पेयजल आपूर्ति शुरू करा दी। अगस्त माह के आखिरी सप्ताह में भी यह पाइप लाइन लीक हुई थी।
जीवनी मंडी वाटरवर्क्स के बाहर मुख्य सड़क के बीच से निकल रही 28 इंच पाइप लाइन शनिवार रात में फिर लीक हो गई। सीवर लाइन के कारण पेयजल आपूर्ति बंद करने से जीवनी मंडी, गुदड़ी मंसूर खां, बेलनगंज, कालामहल, कचहरी घाट, पीपलमंडी, रावतपाड़ा, जीन खाना, कोतवाली, धूलियागंज, पथवारी आदि क्षेत्रों में शनिवार सुबह लोग पानी के लिए तरस गए।
पीपलमंडी के पार्षद रवि माथुर ने जलकल को शिकायत की, जिसके बाद पूरे दिन मरम्मत का काम किया गया। शाम को आपूर्ति बहाल हो गई। पार्षद रवि माथुर ने कहा कि सीवर लाइन के पास से पाइप लाइन शिफ्ट की जाए, अन्यथा किसी दिन बड़ा हादसा हो सकता है।
जीवनी मंडी वाटरवर्क्स के पास पाइप लाइन पुरानी होने के कारण कई जगह से टूटी हुई है। लीकेज होने पर लोहे की चादर का टुकड़ा लगाकर लीकेज बंद कर देते हैं। ज्वाइंट पर रस्से को लगाकर अस्थायी काम करते हैं, लेकिन पानी का प्रेशर ऐसी लाइनें झेल नहीं पा रहीं।