मथुरा में सोमवार सुबह अचानक आई आंधी ने जमकर तबाही मचाई। उत्तर प्रदेश परिवहन निगम की एक बस की छत पर लोहे की चादर उड़कर सड़क पर गिर पड़ी। गनीमत रही कि उस समय सड़क पर कोई नहीं था, अन्यथा बड़ी घटना हो सकती थी।
मथुरा में बारिश ने भले ही लोगों को राहत दी, लेकिन आंधी आफत बनकर आई। जिले में कई जगह होर्डिंग और पेड़ उखड़ गए, तो वहीं राया में हाथरस मार्ग पर आंधी में रोडवेज बस की छत पर पड़ी चादर उड़ गई। उत्तर प्रदेश परिवहन निगम की बस हाथरस से मथुरा जा रही थी। गौसना के समीप तेज आई आंधी के दौरान बस की छत पर पड़ी लोहे की चादर उड़कर सड़क पर गिर पड़ी।
विज्ञापन
चादर उड़ी देखकर चालक ने बस साइड में खड़ी कर दी और परिचालक के सहयोग से चादर छत पर डालकर मथुरा पहुंचा। गनीमत रही कि उस समय सड़क पर कोई नहीं था, अन्यथा बड़ी घटना हो सकती थी।
आंधी के दौरान ट्रैक्टर ट्राली पलटी, चालक घायल
वहीं दूसरी घटना आंधी के दौरान खैर-टैंटीगांव मार्ग पर सामान से भरी ट्रैक्टर ट्राली अनियंत्रित होकर पलट गई। चालक प्रमोद कुमार निवासी बृर्जी नगरिया टैंटीगांव स्थित टाल से गाटर सरिया रोड़ी लेकर जा रहा था।
खैर रोड पर अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर ट्रैक्टर ट्राली पलट गई। चालक रोड़ी के नीचे दब गया। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने जैसे -तैसे उसे निकाल कर नजदीकी चिकित्सक के यहां भर्ती कराया है।