कासगंज। अतरौली मार्ग पर बृहस्पतिवार की देर शाम सड़क किनारे खड़े तीन युवकों को अनियंत्रित कार ने टक्कर मार दी। हादसे में घायल हुए तीनों युवकों को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। जहां परीक्षण के बाद डाक्टरों ने एक युवक को मृत घोषित कर दिया। सड़क हादसे में मृत रितिक (18) ढ़ोलना थाना क्षेत्र के तबालपुर गांव का निवासी था। बृहस्पतिवार की शाम को रितिक अपने साथी नवीन (20) निवासी ढोलना, करन (19) निवासी तबालपुर के साथ बाइक पर सवार होकर कासगंज से अपने गांव लौट रहा था। महावर गांव के पास बाइक का पेट्रोल खत्म हो गया। महावर गांव स्थित स्कूल के पास बाइक को खड़ा करके तीनों रुक गए। तभी कासगंज की ओर से तेज गति से आ रही कार अनियंत्रित होकर उन्हें टक्कर मार दी। इस हादसे में तीनों युवक गंभीर रुप से घायल हुए। घटना स्थल जुटी भीड़ तीनों घायलों को उपचार के लिए एंबुलेंस से अस्पताल भेजवाए। अस्पताल में डॉक्टर ने परीक्षण के बाद रितिक को मृत घोषित कर दिया। हादसे की जानकारी मिलने पर रितिक के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।