घटनास्थल पर खड़े दुर्घटनाग्रस्त वाहन
- फोटो : अमर उजाला
सिरसागंज थाना क्षेत्र के गांव मल्हापुर के समीप हाईवे पर खड़े ट्रक और ट्रैक्टर से रोडवेज बस टकरा गई। हादसे में बस चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 10 सवारियां घायल हो गईं। पुलिस ने घायलों को सरकारी ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया है।
शिकोहाबाद डिपो की बस इटावा से फिरोजाबाद की तरफ आ रही थी। अल सुबह सिरसागंज थाना क्षेत्र के गांव मल्हापुर के समीप पहुंची थी। इस दौरान हाईवे पर पहले से ही दुर्घटनाग्रस्त खड़े ट्रक और ट्रैक्टर से रोडवेज बस टकरा गई। हादसा होते ही बस में सवार यात्रियों में चीख पुकार मच गई। आसपास के लोग एकत्रित हो गए। सूचना पर सिरसागंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से यात्रियों के साथ क्लीनर और चालक को बाहर निकाला। घायलों को शिकोहाबाद अस्पताल भेजा गया। यहां चिकित्सक ने बस चालक अनिल कुमार गुप्ता (32) निवासी जबर सिंह कॉलोनी नई मंडी इटावा को मृत घोषित कर दिया। वहीं परिचालक संजय (37) निवासी नगला सिंघी टूंडला के साथ बस में सवार धर्मेंद्र (21) और नरेंद्र कुमार (23)निवासी बजनी सिरसागंज और सुरेश (20) निवासी नगला इच्छा जसवंत नगर इटावा घायल हो गए।
बच्चों के सिर से उठा पिता का साया
बस चालक अनिल की मौत से परिजनों का रो रोकर बुराहाल है। परिजनों ने बताया कि अनिल रोडवेज विभाग में संविदा पर बस चालक था। तीन भाइयों में वह सबसे बड़ा था। अनिल की मौत के बाद मां उर्मिला, पिता सुरेश चंद्र और पत्नी प्रीती का बुरा हाल है। वहीं अनिल अपने पीछे दो बच्चे शौर्य व पंखुड़ी को छोड़ गया है।