बुखार से पीड़ित बालक सहित तीन मरीजों ने तोड़ा दम
- बदलते मौसम में जिले में पैर पसार रही हैं बीमारियां
संवाद न्यूज एजेंसी
मैनपुरी। बदलते मौसम में जिले में बुखार के साथ अन्य बीमारियां तेजी के साथ बढ़ने लगी हैं। 24 घंटे में बुखार से पीड़ित 13 साल के बालक सहित तीन मरीजों की मौत हो गई। वहीं पांच अन्य मरीजों को भी गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज सैफई के लिए रेफर किया गया है।
पिछले कुछ दिनों से मौसम में दिन में धूप और सुबह-शाम सर्दी पड़ रही है। इसके चलते सर्दी, जुकाम, बुखार, पेटदर्द आदि के बीमारियों से पीड़ित मरीजों की संख्या तेजी के साथ बढ़ने लगी है। शनिवार को जिला अस्पताल की ओपीडी में 802 मरीज पहुंचे। इनमें सर्दी, जुकाम के साथ ही बुखार के मरीजों की संख्या अधिक थी। कोतवाली थाना क्षेत्र के गांव नवादा निवासी 60 वर्षीय बदन सिंह को पिछले कुछ दिनों से सर्दी जुकाम था। परिजन उनका एक निजी डॉक्टर के यहां उपचार करा रहे थे। हालत बिगड़ने पर शुक्रवार की रात परिजन ने उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया। यहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
बिछवां थाना क्षेत्र के नगला भगिया निवासी संजीव कुमार के 13 साल के पुत्र उदित को पिछले कुछ दिनों से बुखार आ रहा था। परिजन उसका एक निजी डॉक्टर के यहां उपचार करा रहे थे। शनिवार को हालत बिगड़ने पर परिजन ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया। यहां उपचार के कुछ देर में ही उदित की मौत हो गई। भोगांव थाना क्षेत्र के दौलतपुर निवासी गेंदालाल के 45 वर्षीय पुत्र अरिवंद कुमार को शनिवार की सुबह अचानक तेज पेटदर्द उठा और उल्टियां होने लगीं। परिजन उन्हें लेकर जिला अस्पताल पहुंचे यहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सीएमएस डॉ. मदनलाल का कहना था कि बालक और व़ृद्ध को गंभीर हालत में ही अस्पताल लाया गया था। वहीं भोगांव निवासी अरिवंद कुमार को मृत अवस्था में ही अस्पताल लाया गया था।
इन बातों का रखें ध्यान
- सुबह-शाम सर्दी से बचाव रखें
-बच्चों को नंगे पैर न घूमने दें
- सर्दी जुकाम होने पर तुरंत उपचार लें
- बुखार की जांच कराकर उपचार लें
- झोलाछाप से उपचार लेने से बचें