फिरोजाबाद। एचआईवी पॉजिटिव महिला मरीज की जांच न कर इधर-उधर दौड़ाने के मामले को अमर उजाला की खबर को मुख्यमंत्री कार्यालय ने गंभीरता से लिया है। मुख्यमंत्री कार्यालय के विशेष सचिव प्रथमेश कुमार ने मंडलायुक्त आगरा से रिपोर्ट मांगी है। सीएमओ मामले की जांच कराकर तीन दिन में आख्या सौंपेंगे।
मामला दो सितंबर का है। प्राइवेट अस्पताल में एचआईवी पॉजिटिव पाई गई महिला का इलाज शुरू करने में मेडिकल कॉलेज में लापरवाही बरती जा रही थी। महिला के साथ उसके पति की जांच भी नहीं की गई थी। महिला को आगरा रेफर कर दिया था। जब एचआईवी पॉजिटिव महिला आगरा के मेडिकल कॉलेज जांच कराने पहुंची तो उसे फिर फिरोजाबाद रेफर कर दिया। एनजीओ के प्रयास से महिला की जांच पूरी हो सकी थी। इस खबर को अमर उजाला ने तीन सितंबर के अंक में एचआईवी पॉजिटिव को दौड़ाते रहे स्वास्थ्यकर्मी शीर्षक से खबर को प्रमुखता से प्रकाशित किया था। इस खबर को मुख्यमंत्री कार्यालय ने संज्ञान लेते हुए जांच के आदेश दिए हैं। ताकि इस प्रकार की लापरवाही फिर से न हो सके। मंडलायुक्त से इस मामले की रिपोर्ट मांगी है। सीएमओ जांच कराकर अपनी रिपोर्ट देंगे।