कासगंज। जिले के कासगंज तहसील क्षेत्र में तीन नए बिजली उपकेंद्र बनाए जाएंगे। इन उपकेंद्रों के बनने से तीन लाख की आबादी को लाभ मिलेगा। इन उपकेंद्रों के निर्माण पर 93 लाख रुपये का खर्च आएगा। विभाग ने नए उपकेंद्र बनाने के लिए शासन को प्रस्ताव बनाकर भेज दिया है। इन उपकेंद्रों के बन जाने के बाद जिले की विद्युत व्यवस्था में काफी सुधार आएगा।
जिले में लगभग 2.25 लाख बिजली उपभोक्ता है। इन उपभोक्ताओं को बिजली की सप्लाई करने के लिए निगम ने 33/11 केवीए क्षमता के 24 उपकेंद्र बना रखे है। इन उपकेंद्रों में बने फीडरों से शहरी एवं देहाती क्षेत्रों में बिजली की सप्लाई दी जाती है। कनेक्शनों के लोड चलते उपकेंद्र कम पड़ते है, जिससे जिले में बिजली की समस्या बनी रहती है। ओवरलोड की वजह से बिजली उपभोक्ताओं को पर्याप्त आपूर्ति नहीं मिल पाती। जिससे उपभोक्ता काफी परेशान रहते हैं। उपभोक्ताओं को बिजली संकट से सबसे अधिक समस्या गर्मी के मौसम में या अधिक ठंड पड़ने पर उठानी पड़ती है। उपभोक्ताओं को बेहतर आपूर्ति देने के लिए जिले में 33/11 केवीए क्षमता के तीन नए उपकेंद्र बनाने की योजना विद्युत निगम ने बनाई है। कलक्ट्रेट बाईपास पर बनने वाले उपकेंद्र से कलक्ट्रेट, विकास भवन, न्यायालय परिसर, जिला अस्पताल एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों को जोड़कर बिजली की सप्लाई दी जाएगी।
वर्तमान में बिजली उपकेंद्र 24
शहरी उपभोक्ता 67 हजार
ग्रामीण उपभोक्ता 1.58 लाख
नलकूप उपभोक्ता 7 हजार
जिले में तीन नए उपकेंद्र बनाने के लिए शासन को प्रस्ताव बनाकर भेज दिया गया है। शासन से मंजूरी मिलते ही इन उपकेंद्रों के निर्माण की प्रक्रिया को शुरू करा दिया जाएगा- राजकुमार, अधीक्षण अभियंता